न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026
जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने की नीति पर होगा काम खनियाधाना शिविर में आयोजित 'उद्यम संवाद' में उद्यमियों ने साझा किए अनुभव।
नए निवेश से खनियाधाना में उद्योगों को मिलेगी गति।
शिवपुरी 07 जुलाई 2026/ 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026' के अंतर्गत जनपद पंचायत प्रांगण खनियाधाना में आयोजित शिविर में "उद्यम संवाद कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री प्रीतम लोधी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी क्षेत्र के युवा उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
इस विशेष संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने क्षेत्र के स्थानीय उद्यमियों, व्यवसायियों और नया उद्योग लगाने के इच्छुक युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने की नीति पर काम किया जाएगा, जिसमें सूक्ष्म एवं लघु उद्योग विभाग द्वारा उद्यमियों को शासन की योजनाओं से जोड़ते हुए उद्योग स्थापना में मदद पहुंचाई जाएगी।
संवाद के दौरान स्थानीय उद्यमियों ने क्षेत्र में उद्योगों के संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को कलेक्टर श्री वर्मा के समक्ष रखा, जिसमें बिजली आपूर्ति की समस्या भी बताई। इस पर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट कहा कि शासन की सभी योजनाएं पूरी तरह से जनता और उद्यमियों के हित के लिए ही बनाई गई हैं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का त्वरित निराकरण किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी व्यक्ति या युवा नया उद्योग स्थापित करना चाहता है, संबंधित विभाग उसे कागजी प्रक्रियाओं से लेकर धरातल पर यूनिट स्थापित करने तक पूरा प्रशासनिक सहयोग प्रदान करेगा।
उद्यम संवाद कार्यक्रम में महाप्रबंधक श्री अजय तिवारी ने विभागीय योजनाओं एवं सब्सिडी के बारे में बताया।
स्थानीय उद्योगों में करोड़ों के नए निवेश का प्रस्ताव:।
क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने के उद्देश्य से कई उद्यमियों ने अपने नए एवं विस्तार योजनाओं के तहत निवेश के प्रस्ताव रखे। संवाद के दौरान पुष्पेंद्र प्रजापति (आयरन इंडस्ट्री) ने ₹20 लाख, विजय अहिरवार (मूंगफली दाना उद्योग) ने ₹15 लाख, उमा शंकर गुप्ता (मूंगफली दाना) ने ₹80 लाख तथा अखिलेश गुप्ता (मूंगफली दाना) ने ₹40 लाख के नए निवेश की बात कही। इसके अलावा अक्षत फूड उद्योग द्वारा ऑयल मिल स्थापित करने के लिए ₹3 करोड़ के बड़े निवेश का प्रस्ताव सामने आया, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
स्वरोजगार हेतु उद्यम क्रांति योजना के तहत प्रमाण पत्र वितरण:।
कार्यक्रम में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और नए छोटे व्यवसाय शुरू कराने के लिए 'मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना' के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके तहत साड़ी की दुकान के संचालन के लिए ऋषभ कुमार जैन को ₹9.5 लाख, किराना व्यवसाय हेतु राज साहू को ₹2 लाख, जनरल स्टोर के लिए राज योगी को ₹1.99 लाख तथा एमपी ऑनलाइन सेंटर की स्थापना के लिए सतीश प्रजापति को ₹50 हजार का ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
स्वसहायता समूह के स्टॉल का अवलोकन ।
कलेक्टर श्री वर्मा आजीविका मिशन के तहत स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाए गए स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए उनकी बिक्री व मार्केटिंग के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री अजय तिवारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी व नागरिक उपस्थित रहे।
