मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री वर्मा का पिछोर व खनियांधाना में औचक निरीक्षण।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 


समाचार

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री वर्मा का पिछोर व खनियांधाना में औचक निरीक्षण।

*खाद वितरण केंद्र, स्कूल, छात्रावास, गौशाला और निर्माण कार्यों की व्यवस्थाएं परखीं।

किसानों को सुचारू खाद वितरण और स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के दिए कड़े निर्देश।

शिवपुरी 07 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने शासन की प्राथमिकताओं और 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज पिछोर और खनियाधाना क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद वितरण केंद्र, शासकीय विद्यालयों, छात्रावास और गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण एवं किसानों से संवाद।

'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' अंतर्गत समस्याओं को जानने कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने सबसे पहले पिछोर स्थित खाद वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उर्वरक की कुल उपलब्धता, भंडारण और दैनिक वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर श्री वर्मा ने उपस्थित किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा वितरण पर्चियों व दस्तावेजों की गहन जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में खाद का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ हो और प्रत्येक किसान को बिना किसी अनावश्यक देरी के सुचारू रूप से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।

खनियाधाना में शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जांच

'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के अंतर्गत कलेक्टर श्री वर्मा ने विकासखंड खनियाधाना के शासकीय माध्यमिक विद्यालय दवियाकलां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और मध्याह्न भोजन के लिए रसोईघर की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कक्षा-कक्षों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके शैक्षणिक स्तर की जांच की। कलेक्टर ने विद्यालय स्टाफ को पठन-पाठन का माहौल बेहतर बनाने और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने खनियाधाना स्थित सांदीपनि विद्यालय का भी जायजा लिया। वहां उन्होंने वोकेशनल  क्लास का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से प्रश्न पूछकर शिक्षा की गुणवत्ता को परखा। विद्यालय में निर्माणाधीन भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की ताकीद की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की अन्य सभी व्यवस्थाओं में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

गौशाला निरीक्षण: चारागाह भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश।

अभियान के तहत ही कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने खनियांधाना के ग्राम दवियाकलां स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि गौशाला से संलग्न चारागाह की शासकीय भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने राजस्व अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने, दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए और अवैध अतिक्रमण मुक्त कराई गई चारागाह भूमि पर गौवंश के चरने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

शासकीय कन्या छात्रावास खनियांधाना की व्यवस्थाएं परखीं।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने खनियांधाना स्थित शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर एवं उत्कृष्ट कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास परिसर, भवनों और साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्यान्न भंडारण की जांच की। कलेक्टर श्री वर्मा ने छात्रावास की छात्राओं से सीधा संवाद कर पढ़ाई-लिखाई, भोजन और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। छात्राओं द्वारा बताई गई समस्याओं के तत्काल निराकरण हेतु उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए। 

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनसेवा, शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शी खाद वितरण और शासकीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अपने दायित्वों का मुस्तैदी से निर्वहन करें।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा अधिकारियों द्वारा आमजन से जनसंवाद कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने