मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026’: संभागायुक्त श्री खत्री ने खनियाधाना में अनुसूचित जाति छात्रावासों का किया औचक निरीक्षण।

न्यूज़ चाचा का धमाका 

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 


समाचार 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026’: संभागायुक्त श्री खत्री ने खनियाधाना में अनुसूचित जाति छात्रावासों का किया औचक निरीक्षण।

शिवपुरी, 14 अगस्त 2026 / 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026' के तहत ग्वालियर संभाग के संभागायुक्त श्री मनोज खत्री द्वारा खनियाधाना क्षेत्र में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास, शासकीय अनुसूचित जाति उत्कृष्ट कन्या छात्रावास तथा शासकीय अनुसूचित जाति उत्कृष्ट बालक छात्रावास का दौरा कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप छात्रावासों में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना और अंतिम छोर के विद्यार्थियों तक सभी सुविधाएं सुचारू रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करना रहा।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री खत्री ने छात्रावास परिसरों की साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, शयन कक्षों की स्थिति, अध्ययन कक्षों में प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने रसोई घर में जाकर खाद्यान्न की गुणवत्ता तथा मेन्यू के अनुसार तैयार हो रहे भोजन का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी दिनचर्या, शैक्षणिक माहौल, किताबों की उपलब्धता और मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया, जिस पर विद्यार्थियों ने व्यवस्थाओं के प्रति अपना अनुभव साझा किया।

संभागायुक्त श्री मनोज खत्री ने निरीक्षण के उपरांत संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं छात्रावास अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं के कल्याण और सुरक्षा से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि भोजन सारणी (मेन्यू) के अनुसार समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए और परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। संभागायुक्त ने स्पष्ट कहा कि 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' का उद्देश्य शासकीय संस्थानों के संचालन में गुणवत्ता और जवाबदेही तय करना है, ताकि विद्यार्थियों को एक सुरक्षित और अनुकुल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान पिछोर एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य, अ.जा.का. विभाग के जिला संयोजक श्री महेंद्र श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आकाश यादव सही संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने