मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत रामेश्वरम् तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 01 सितम्बर।

न्यूज़ चाचा का धमाका  

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत रामेश्वरम् तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 01 सितम्बर।

शिवपुरी, 30 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत प्रदेश सरकार शिवपुरी जिले के बुजुर्गों को तीर्थ कराने जा रही है। तीर्थ दर्शन योजना के तहत विशेष रेलगाड़ी 07 सितम्बर 2026 को रामेश्वरम् तीर्थ के लिए प्रस्थान कर 12 सितम्बर 2026 को वापिस आयेगी। इसमें शिवपुरी जिले के 196 बुजुर्ग तीर्थ करने जायेंगे। रामेश्वरम् तीर्थ जाने के इच्छुक बुजुर्ग 01 सितम्बर (मंगलवार) को सांय 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

कलेक्‍टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने समस्त तहसीलदार, मुख्‍य कार्यपालन अधिकारियों एवं मुख्‍य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले की समस्त तहसील, जनपद पंचायत, नगरपालिका एवं नगर परिषद के कार्यालयों में   इच्छुक एवं पात्र आवेदकों के  आवेदन पत्र प्राप्त करें।

योजना अंतर्गत आवेदक मप्र का मूल निवासी हो तथा आवेदक 60 वर्ष या उससे अधिक आयु का हो (महिलाओं के संबंध में दो वर्ष की छूट) आयकर दाता न हो। यात्रा हेतु तीर्थ यात्री शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम हो और किसी संक्रामक रोग से ग्रसित न हो। यदि आवेदक 65 वर्ष या उससे अधिक आयु का है और वह सहायक ले जाना चाहता है, तो सहायक का आवेदन पत्र भी पृथक से भरकर जमा करें। सहायक की आयु 18-50 वर्ष तक नियत की गई है। आवेदक द्वारा दी गई जानकारी में यदि यह पाया जाता है कि आवेदक/यात्री ने असत्य जानकारी देकर या तथ्यों को छुपाकर आवेदन किया है, तो उसे किसी भी समय योजना के लाभों से वंचित किया जा सकता है। आवेदक से नियत प्रक्रिया के तहत आवेदन दो प्रतियों में निर्धारित प्रपत्र में भरकर प्राप्त किया जाना होगा।

आवेदकों की संख्या अधिक होने पर प्राप्त कुल आवेदनों में से तीर्थ यात्रियों का चयन कम्प्यूटराईज्ड लाटरी द्वारा किया जावेगा। तीर्थयात्री द्वारा एक बार, एक ही यात्रा योजना का लाभ लिया जा सकता है। तीर्थ यात्राओं के लिए चयनित आवेदकों को अपने गृह निवास से रेलवे स्टेशन तक एवं यात्रा वापस आने पर रेलवे स्टेशन से अपने गृह निवास तक स्‍वयं के व्‍यय पर वापस जाना होगा। तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन के लिए नियत समय से दो घंटे पूर्व आने की जिम्मेदारी संबंधित आवेदक की होगी। जिसकी जानकारी चयनित आवेदकों को व्यक्तिशः एवं दूरभाष पर दी जाएगी।

आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज का नवीनतम रंगीन फोटो निर्धारित स्थान पर चस्पा कराना आवश्यक है। इसके साथ ही साक्ष्य के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर, समग्र आईडी, आयकर दाता ना होने का स्व-घोषणा पत्र, चिकित्सक का प्रमाण पत्र एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनान्तर्गत पूर्व में यात्रा न करने का स्व-घोषणा पत्र अनिवार्य रूप से संलग्न कर जमा करें। अन्यथा यात्रा  का फार्म स्वतः निरस्त समझा जाएगा और इसकी पूर्ण जबाबदारी संबंधित की होगी।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने