सद्भावना एवं समन्वय समिति की बैठक संपन्न; त्योहारों पर शांति व सद्भावना के साथ त्यौहार मनाने की अपील।

न्यूज चाचका धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार


सद्भावना एवं समन्वय समिति की बैठक संपन्न; त्योहारों पर शांति व सद्भावना के साथ त्यौहार मनाने की अपील।

शिवपुरी, 30 जुलाई 2026/ आगामी चेहल्लुम एवं मिलाद-उन-नबी के पर्व को जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में 'सद्भावना एवं समन्वय समिति' की बैठक आयोजित की गई। शहर काज़ी और समिति के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में त्योहारों से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर सर्वसम्मति से विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला, अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्री आनंद सिंह राजावत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, संबंधित अधिकारीगण तथा समस्त ताज़ियादार इस बैठक में विशेष रूप से शामिल हुए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर और अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने उपस्थित समाज के प्रबुद्धजनों और धर्मगुरुओं से भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

बैठक में ताजियों के मार्ग और समय-सारणी पर विस्तार से चर्चा की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार 04 अगस्त की रात 12 बजे से चेहल्लुम शरीफ के सभी ताजिये हुसैन टेकरी पहुंचेंगे, जिसके बाद 05 अगस्त को वहां से 12 बजे तक करबला विसर्जन स्थल पहुंचेंगे। जुलूस के सुगम संचालन के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ताज़िया मार्गों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, सड़कों के गड्ढों के भराव व मरम्मत और आवारा पशुओं को हटाने के कड़े निर्देश जारी किए गए।

सुरक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पुख्ता करते हुए, ताज़िया विसर्जन स्थल करबला शरीफ़ पर गोताखोरों की तैनाती, रस्सी व टॉर्च की व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षित दूरी चिह्नित कर आमजन का प्रवेश नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला चिकित्सालय में 24 घंटे डॉक्टरों की आपातकालीन ड्यूटी लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहारों को मनाएं तथा शहर में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने