न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
![]() |
शिवपुरी, 02 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।गत दिवस नरवर में बड़ी कार्यवाही की गई है। इसी क्रम में नरवर तहसीलदार श्री विजय कुमार त्यागी के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 400 ट्रॉली रेत जब्त की।
नरवर तहसीलदार श्री विजय कुमार त्यागी को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम टुकी में सिंध नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर उसका भंडारण किया गया है। इस मामले में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तहसीलदार नरवर को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। निर्देशानुसार राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान छह अलग-अलग स्थानों पर बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण पाया गया। संबंधित व्यक्तियों से रेत भंडारण की वैध अनुमति एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जा सका।
प्रशासन द्वारा करीब 400 ट्रॉली रेत जब्त कर रेत के टीलों का चूने से सीमांकन कराया गया तथा आगामी कार्रवाई तक जब्त रेत को संबंधित ग्राम के कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया। मामले की विस्तृत रिपोर्ट आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला खनिज अधिकारी, शिवपुरी को प्रेषित कर दी गई है।
अवैध उत्खनन पर प्रशासन की सतत निगरानी।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा द्वारा 1 अक्टूबर 2026 तक जिले में रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। अवैध उत्खनन एवं भंडारण की शिकायतों पर प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

