न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शिवपुरी में ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ का भव्य शुभारंभ। 2.87 लाख श्रमिकों को मिलेगा लाभ।
वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रभारी मंत्री ने की कार्यक्रम में सहभागिता।
शिवपुरी, 02 जुलाई 2026/ ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास और रोजगार सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज राष्ट्रव्यापी स्तर पर 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' (VB-G-RAM-G) का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में शिवपुरी जिले के कोलारस स्थित ग्राम पंचायत बैरसिया के आईटीआई परिसर में जिला स्तरीय जन सम्मेलन सह-लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। उन्होंने ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कहा कि शिवपुरी जिला इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के 8 विकासखंडों की 587 ग्राम पंचायतों में लगभग 2 लाख 87 हजार सक्रिय श्रमिक इस योजना के माध्यम से लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' (VB-G-RAM-G) योजना 01 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू की जा चुकी है। इस योजना के तहत ग्रामीण जॉबकार्डधारी परिवारों को अब वर्ष में 125 दिनों के अकुशल रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई है। मध्य प्रदेश राज्य के लिए दैनिक मजदूरी दर बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक आधार पर करने का प्रावधान है, और यदि 15 दिनों के भीतर भुगतान नहीं होता है, तो 0.05% की दर से ब्याज सहित क्षतिपूर्ति के रूप में अतिरिक्त मजदूरी दी जाएगी।
पारदर्शिता के लिए इसमें डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें वास्तविक समय आधारित सूचना प्रबंधन प्रणाली, एआई-आधारित धोखाधड़ी पहचान, जीपीएस निगरानी और आधार से जुड़े भुगतान को अनिवार्य बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, खेती के मुख्य सीजन (बुवाई और कटाई) के दौरान 60 दिनों तक काम पर रोक लगाई जा सकती है ताकि किसानों को पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध हो सकें। यह योजना मुख्य रूप से चार क्षेत्रों—जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, स्थायी आजीविका संपत्तियों, और जलवायु अनुकूलन पर केंद्रित है।
कोलारस में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, जनपद अध्यक्ष श्री भरत सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष श्री जसवंत जाटव, जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, एडिशनल सीईओ श्री ब्रह्मेन्द्र गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
