न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
खनियाधना में स्कूल मरम्मत के नाम पर 3 करोड़ 37 लाख रुपये का घोटाला।
वेतन घोटाले वाले बीईओ सूर्यवंशी व अकाउंटेंट रसगैयां फिर घिरे, जांच शुरू
खनियाधाना बीईओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का पुराना जिन्न एक बार फिर बोतल से बाहर आ गया है। स्कूलों की मरम्मत के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में आई 8 करोड़ 77 लाख 31 हजार 125 रुपये की राशि में से 3 करोड़ 37 लाख रुपये की भारी गड़बड़ी सामने आई है। यह पूरा घालमेल उसी कार्यकाल का बताया जा रहा है, जब तत्कालीन बीईओ प्रकाश सूर्यवंशी और तत्कालीन डिवीजनल एकाउंटेंट सुखनंदन रसगैया कुर्सी पर थे। गौरतलब है कि इन्हीं दोनों के कार्यकाल में करीब 1 करोड़ रुपये का चर्चित वेतन घोटाला भी हुआ था, जिसमें सरकारी पैसा सीधे निजी खातों में ट्रांसफर कर दिया गया था। अब एक और घोटाला उजागर होने से दोनों एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। शिकायत भोपाल स्थित लोक शिक्षण संचालनालय तक पहुंचते ही हड़कंप मच गया और जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। इस पूरे मामले में जब डीईओ आकाश यादव को फाेन लगाए तो उन्होंने फोन अटेंड नहीं किए।
बाक्स
डीईओ ने गठित किया जांच दल
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीईओ आकाश सिंह यादव ने आदेश क्रमांक 4438 दिनांक 8 जुलाई 2026 जारी कर 4 सदस्यीय जिला स्तरीय विशेष जांच दल का गठन किया है। जांच दल में एपीसी राजाबाबू आर्य, सहायक यंत्री सतीश निगम, पिछोर बीईओ विनोद कुमार गुप्ता, उपयंत्री जनपद शिक्षा केंद्र खनियाधाना वीरन लाल लोधी को शामिल किया है। टीम को 5 दिन में सभी 12 स्कूलों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए थे। जानकारी के अनुसार टीम 14 जुलाई को खनियाधाना पहुंची भी थी, लेकिन डीडीओ का लागिन नहीं खुलने के कारण भुगतान और आहरण से जुड़ी पूरी जानकारी टीम को नहीं मिल सकी। अब टीम जल्द ही ट्रेजरी आफिस पहुंचकर किस स्कूल के नाम पर कब-कब कितना पैसा निकला, इसकी असली जानकारी जुटाएगी। ट्रेजरी से मिलान के बाद ही साफ होगा कि कागजों में मरम्मत दिखाकर कितनी राशि हजम की गई।
बाक्स
किस स्कूल के लिए कितना बजट हुआ आवंटित
स्कूल-----------------------स्वीकृत राशि
उत्कृष्ट उमावि खनियाधाना------2976167
शा हाई स्कूल अछरौनी--------2811044
शा उमावि बामौरकलां---------2979512
शा हाई स्कूल चमरौआ--------2974647
शा हाई स्कूल झालौनी--------2992161
शा हाई स्कूल लहर्रा----------2929208
शा उमावि मुहारी-------------2967785
शा हाई स्कूल पिपरा----------2962689
शा उमावि मायापुर-----------2962874
शा हाई स्कूल रही-----------2983565
शा हाई स्कूल मुहासा--------2998469
शा उमावि उवारी------------2989024
