न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
13 हिरणों की दर्दनाक मौत के बाद उठी खुली कुओं की सुरक्षा की मांग गौ सेवा समिति ने चलाया जन-जागरूकता अभियान
दिनारा। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल तहसील अंतर्गत खरदौनकला गांव में एक किसान के खेत स्थित खुले कुएं में 13 हिरणों और एक आवारा कुत्ते के शव मिलने की दुखद घटना ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरणों का झुंड आवारा कुत्तों से बचने के प्रयास में खुले कुएं में गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस हृदयविदारक घटना के बाद दिनारा गौ सेवा समिति के अध्यक्ष कल्लू महाराज ने समिति की बैठक बुलाकर खुले कुओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आए दिन खुले कुओं में गाय, नीलगाय, हिरण, मोर तथा अन्य वन्यजीव गिरकर अपनी जान गंवा रहे हैं। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं लगातार होती रहेंगी।
कल्लू महाराज ने कहा कि यह केवल वन्यजीवों की नहीं, बल्कि मानवता और पर्यावरण संरक्षण की भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने खेतों में बने खुले कुओं के चारों ओर मजबूत सुरक्षा दीवार या जाली लगवाएं, ताकि कोई भी पशु-पक्षी दुर्घटना का शिकार न हो।
बैठक में मौजूद गौ सेवा समिति के सदस्य दीपक तिवारी, जितेंद्र लोधी, छोटू पाल, पदम लोधी और आकाश तिवारी ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा समाज और प्रशासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
समिति ने शासन-प्रशासन से मांग की कि खुले कुओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, किसानों को जागरूक किया जाए तथा कुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी नीति बनाई जाए।
गौ सेवा समिति का कहना है कि यदि पूरे प्रदेश और देशभर में खुले कुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है, तो गाय, हिरण, नीलगाय, मोर और अन्य वन्यजीवों की अनगिनत जानें बचाई जा सकती हैं। समिति ने सभी नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने और पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।
