न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
जनकल्याण शिविर अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
शिवपुरी, 13 जून 2026/ मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविरों की श्रृंखला के अंतर्गत जनपद पंचायत खनियाधाना एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में पर्यावरण संरक्षण, योग एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्री हरिभान सिंह लोधी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री मोगराज मीणा, बीआरसी श्री संजय भदौरिया, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुश्री प्रियंका बुनकर तथा संवाद मित्र श्री राजेश देव पांडे उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं योग के महत्व से अवगत कराते हुए समाज में जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका की सराहना की।
भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वस्थ जीवन शैली जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कु. हर्षिता जैन, आचार्य विद्यासागर पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया। प्रतियोगिता में विशाखा सिकरवार ने प्रथम, अश्विनी नामदेव ने द्वितीय तथा अमृता लोधी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त माही अहिरवार एवं राशि नामदेव को भी उनके सराहनीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन जैसे जनहितकारी अभियानों से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया।
