न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
करेरा के टीला रोड पर मृत गाय को ट्रैक्टर से घसीटने का वीडियो वायरल, जांच और कार्रवाई की मांग।
करेरा। करेरा तहसील के टीला रोड क्षेत्र में एक मृत गाय को ट्रैक्टर से रस्सी बांधकर ले जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। मामले को लेकर गौ सेवकों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गौ सेवक अर्जुन पंडित का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने गाय की मौत के बाद उसे रस्सी से बांधकर पहाड़ी क्षेत्र की ओर ले जाकर फेंकने का प्रयास किया। उनका कहना है कि घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आया।
वहीं गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र तिवारी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
गौ सेवकों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि मृत गौवंश के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।