न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
जनकल्याण शिविर में हितग्राहियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र।
नरवर में प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने लिया योजनाओं का लाभ।
शिवपुरी, 16 जून 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से विकासखंड नरवर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर के प्रथम दिवस पर विभिन्न विभागों द्वारा हितलाभ वितरण एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण।
जनपद पंचायत नरवर परिसर में आयोजित शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदान कर पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु मार्गदर्शन दिया गया।
अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं।
शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करैरा श्री अनुपम शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नरवर श्री ब्रह्मेंद्र गुप्ता एवं तहसीलदार नरवर श्री विजय कुमार त्यागी ने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की समीक्षा की। एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय पर हो। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति।
कार्यक्रम में श्री गोपाल पाल, श्री इमरत कुशवाह, श्री नारायण बघेल तथा श्री संजय कंसाना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने जनकल्याण शिविरों को शासन और जनता के बीच संवाद एवं समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।
