न्यूज़ चाचा का धमक़ा
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कलेक्टर श्री वर्मा ने दिव्यांग हितग्राही को प्रदान की ई-व्हीकल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा एक और कदम।
शिवपुरी, 02 जून 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इसी क्रम में ग्राम अमोला निवासी दिव्यांग हितग्राही करू आदिवासी को आईआईटी मद्रास द्वारा जापानी तकनीक से विकसित ई-व्हीकल प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने हितग्राही को ई-व्हीकल सौंपकर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
करू आदिवासी गांव में एक दुकान संचालित करते हैं। अभी उन्हें दुकान के लिए आवश्यक सामान लाने-ले जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और वे इसके लिए दूसरों पर निर्भर रहते थे। इससे समय और संसाधनों दोनों की समस्या बनी रहती थी।
ई-व्हीकल से आसान हुआ व्यवसाय संचालन।
ई-व्हीकल प्राप्त होने के बाद अब करू आदिवासी स्वयं बाजार जाकर आवश्यक सामग्री खरीद सकेंगे। इससे न केवल उनका समय बचेगा, बल्कि वे अपने व्यवसाय का संचालन भी अधिक सुविधाजनक और आत्मविश्वास के साथ कर पाएंगे। ई-व्हीकल ने उनके जीवन में नई ऊर्जा और आत्मनिर्भरता का संचार किया है।
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की प्रभावी पहल।
यह पहल आयुक्त दिव्यांगजन, मध्यप्रदेश शासन डॉ. अजय खेमरिया के विशेष प्रयासों तथा मंगलम् शिवपुरी एवं सक्षम संस्था के सहयोग से संचालित की जा रही है। सीएसआर मद के अंतर्गत जिले के 28 दिव्यांगजनों को ई-व्हीकल उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, जिससे वे रोजगार एवं दैनिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित कर रहे हैं।
मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि शासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। ई-व्हीकल जैसी सुविधाएं उनके जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ आर्थिक रूप से मजबूत करने में भी सहायक सिद्ध हो रही हैं।
करू आदिवासी ने ई-व्हीकल प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा का आभार जताया और कहा कि यह सुविधा उनके जीवन और आजीविका दोनों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
