न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शिवपुरी, 06 जून 2026/ ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में ग्रामीण अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में नवीन सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इन भवनों से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सांसद श्री कुशवाह ने ग्राम पंचायत देवरीखुर्द में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन कर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जामुन का पौधरोपण भी किया गया। सांसद श्री कुशवाह ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इन ग्रामों में हुए भूमिपूजन।
सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह द्वारा जिन सामुदायिक भवनों का भूमिपूजन किया गया, उनमें ग्राम महेशपुर सिलपुरा (25 लाख रुपये), मारौरा खालसा (25 लाख रुपये), देवरीखुर्द (15 लाख रुपये), ककरई देहरटा (25 लाख रुपये), रैय्यन (25 लाख रुपये), देवपुरा (25 लाख रुपये) तथा कैमई सुमैड़ (25 लाख रुपये) शामिल हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री गोविंद शर्मा, श्री भरत दांतरे, मंडल अध्यक्ष श्री आशुतोष जेमिनी, श्री धीरज व्यास, वरिष्ठ नेता श्री पृथ्वीराज जादौन, श्री तुलाराम यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री विक्की मंगल, श्री शुभम शर्मा, श्री राजेंद्र यादव, सरपंच श्री सत्यपाल धाकड़ सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

