न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
सफलता की कहानी
पीएम रोजगार सृजन योजना से नीरेश सैन ने स्थापित की आईएफएफडी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी।
शिवपुरी, 30 मई 2026/
शिवपुरी शहर के मनियर निवासी श्री नीरेश सैन ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (PMEGP) का लाभ लेकर न केवल स्वयं का उद्योग स्थापित किया, बल्कि अनेक महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कोरोना काल के दौरान वैश्विक संकट के समय रोजगार के साधनों में कमी आने से श्री नीरेश सैन को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसी दौरान उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के संबंध में उद्योग विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों द्वारा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
10 लाख रुपये के ऋण से स्थापित की निर्माण इकाई।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत श्री नीरेश सैन ने 10 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर “आईएफएफडी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी” की स्थापना की। वर्तमान में वे इस इकाई के माध्यम से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 30 से अधिक महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
शिवपुरी में तैयार हो रहे हैं विभिन्न परिधान।
आईएफएफडी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में गर्ल्स वियर के विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें सूट, कुर्ती, गाउन एवं लहंगे प्रमुख रूप से शामिल हैं। शिवपुरी में निर्मित इन उत्पादों की मांग आसपास के जिलों सहित विभिन्न राज्यों में भी बढ़ रही है।
महिलाओं के लिए बना आय का माध्यम।
इस उद्योग से जुड़ी महिलाओं को रोजगार के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर प्राप्त हो रहा है। श्री नीरेश सैन का कहना है कि शासन की योजनाओं एवं अधिकारियों के सहयोग से उन्हें स्वयं का प्लेटफॉर्म प्राप्त हुआ, जिससे वे अपने ही शहर में रहकर लोगों के बीच रोजगार सृजित कर पा रहे हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश शासन एवं भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं युवाओं को उद्योग स्थापित करने एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं।
