वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र-123 का दीक्षांत समारोह संपन्न, 79 प्रशिक्षु सफल घोषित।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार



वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र-123 का दीक्षांत समारोह संपन्न, 79 प्रशिक्षु सफल घोषित।

शिवपुरी, 31 मई 2026/ वनसंरक्षक शिवपुरी श्री आदर्श श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में, वन विद्यालय संचालक श्री सुधांशु यादव एवं अनुदेशक श्री आदित्य शांडिल्य के निर्देशन में वन विद्यालय शिवपुरी में संचालित वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र-123 का समापन समारोह एवं दीक्षांत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप संचालक, माधव टाइगर रिजर्व शिवपुरी श्री हरिओम शर्मा रहे।

समारोह की शुरुआत वनरक्षक प्रशिक्षुओं द्वारा पासिंग आउट परेड से हुई। परेड कमांडर श्री वीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चार प्लाटूनों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। इसके उपरांत रजत जयंती हॉल में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक एवं व्यावसायिक दक्षता पर विशेष जोर

01 दिसंबर 2025 से प्रारंभ छह माह की प्रशिक्षण अवधि में प्रशिक्षुओं को 15 दिवसीय अध्ययन भ्रमण कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान पीटी, परेड, योग, खेलकूद, शस्त्र प्रशिक्षण तथा क्षमता विकास हेतु भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) आरटीसी करैरा में विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षुओं ने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में निशस्त्र वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सम्मानित।

प्रशिक्षण अवधि में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कु. अनुराधा चौहान (वनमंडल देवास) को सम्मानित किया गया। वहीं 9 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में श्री वीरेन्द्र सिंह ने 39 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वानिकी विषयों की मुख्य परीक्षा में कुल 79 प्रशिक्षणार्थी सफल घोषित हुए। सभी विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर श्री अजय राठौर (वनमंडल देवास) को सम्मानित किया गया।

वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति निष्ठा से कार्य करने का संदेश*

संचालक वन विद्यालय शिवपुरी श्री सुधांशु यादव ने नवप्रशिक्षित वनरक्षकों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा विभागीय दायित्वों का निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निरंतर अध्ययन और ज्ञानवर्धन की आदत बनाए रखने पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के अंत में अनुदेशक श्री आदित्य शांडिल्य ने अतिथियों, प्रशिक्षुओं एवं उनके परिजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वन विद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने