दिनारा थानांतर्गत सिकंदरा बैरियर पर सोमवार-मंगलवार की रात आरटीओ के पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं से भरी एक यात्री बस से अवैध रूप से वसूली का प्रयास किया,

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार 


दिनारा थानांतर्गत सिकंदरा बैरियर पर सोमवार-मंगलवार की रात आरटीओ के पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं से भरी एक यात्री बस से अवैध रूप से वसूली का प्रयास किया, 

जब बस के स्टाफ ने पैसा देने से मना कर दिया तो उक्त कर्मचारियों ने आरटीओ बैरियर पर बस स्टाफ के साथ जमकर मारपीट कर दी।

मारपीट के विरोध में बस में सवार श्रद्धालुओं ने आरटीओ बैरियर पर चक्काजाम कर दिया। 

करीब पांच घंटे तक लगा रहा चक्काजाम करैररा एसडीओपी के पहुंचने और उनके द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद खुला। 

पुलिस ने इस मामले में चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है। 


जानकारी के अनुसार राजस्थान के 40 श्रद्धालु एक बस में सवार होकर नेपाल पशुपाति नाथ के साथ-साथ उप्र में स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के दर्शन करने के लिए गए हुए थे। 


दर्शन करने के उपरांत जब वह वापस राजस्थान लौट रहे थे, तभी सिकंदरा आरटीआे बैरियर पर रात करीब 1 बजे आरटीओ बैरियर पर तैनात खाकी बर्दी धारी अज्ञात चार पुलिसकर्मियों ने उक्त बस को रोक लिया। इसके बाद बस चालक से एंट्री के नाम पर अवैध वसूली का प्रयास किया गया। जब बस के स्टाफ उक्त अवैध उगाही का विरोध किया तो आरटीओ बैरियर पर तैनात आरटीओ के कर्मचारियों ने बस के चालक के स्टाफ की लात-घूसों और लाठियों से मारपीट कर स्टाफ को लहूलुहान कर दिया। इस अवैध उगाही के विरोध में उक्त बस स्टाफ और यात्रियों के साथ-साथ कुछ अन्य वाहनों के लोगों ने रोड पर चक्काजाम कर दिया। रात एक बजे से हुआ यह चक्काजाम सुबह 5 बजे तक चलता रहा। सुबह पांच बजे जब करैरा एसडीओपी डा आयुष जाखड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस स्टाफ और यात्रियों की पीड़ा सुनी तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर भीड़ ने जाम खोला। पुलिस ने इस मामले में चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है। इस पूरे मामले में जब सिकंदरा बैरियर प्रभारी टीएसआइ सुमन दीक्षित को फोन लगाकर उनसे पूरा मामला जानने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन ही अटेंड नहीं किया। इसके बाद उन्हें उन्हें मैसेज भेजकर भी उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, परंतु उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

बाक्स

जाम में फंसे हजारों वाहन, लोग हुए परेशान

सिकंदरा बैरियर पर अवैध वसूली के चलते हुई मारपीट के बाद विरोध के क्रम में श्रद्धालुओं द्वारा किए गए चक्काजाम के कारण हाईवे पर हजारों वाहनों का जाम लग गया। इस कारण कई छोटे वाहनों में सवार परिवार परेशान होते रहे। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे पानी, दूध के लिए परेशान होते रहे तो लोग चाय, नाश्ते आदि के लिए रात भर परेशान हुए। हालांकि अल सुबह जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। 

बाक्स

प्रायवेट कटरों के माध्यम से अवैध वसूली के आरोप

स्थानीय लोगों और सिकंदरा बैरियर से गुजरने वाले वाहनों के चालकों का आरोप है कि यहां पर आरटीआे विभाग के अधिकारी कर्मचारी प्रायवेट कटरों को पूरा बैरियर ठेके पर उठा देते हैं। उन्हीं के गुंडे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रभाव में अवैध उगाही, लूट-पाट और मारपीट करते हैं। लोगों की मानें तो बीते रोज सिकंदरा बैरियर पर पदस्थ टीएसआई सुमन दीक्षित के साथ जो मारपीट और लूटपाट की घटना घटित हुई थी उसके पीछे भी यही अवैध वसूली मुख्य वजह थी। सूत्रों के अनुसार विभाग के तथाकथित अधिकारियों ने पुराने कटर से काम छीन कर नए कटर को दे दिया इसी के चलते पुराने कटर ने टीएसआइ के साथ मारपीट की थी। 

बाक्स

ये बोले लोग

-हमें बस में बंद कर दिया और बस को जलाने की धमकी दी गई।

-मारपीट के बाद बैरियर प्रभारी ने एक लाख रुपये में मामला रफादफा करने का लालच दिया।

-कर्मचारी चेहरे पर नकाब बांधकर करते हैं अवैध वसूली।

-बैरियर पर वाहन चालकों से बसूले जाते हैं 500 से 5000 हजार रुपये तक। 

बाक्स

-सिकंदरा बैरियर पर कुछ लोगों ने एंट्री को लेकर हुए विवाद पर बस के स्टाफ के साथ मारपीट कर दी थी। इसी के चलते रात को यात्रियों ने जाम लगा दिया था। मैंने जाकर लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। चार अज्ञात लोगों पर मारपीट की धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई है। 

डा आयुष जाखड़

एसडीओपी, करैरा

-मैं शाम को वहां जाऊंगी, तभी वस्तुस्थिति बता पाऊंगी। मुझे सिकंदरा बैरियर प्रभारी ने फिलहाल यह बताया है कि बस वालों ने स्टाफ को प्रभावित किया, जिसके चलते यह घटना घटी

रंजना कुशवाहा

आरटीओ, शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने