न्याय सारथी मोबाइल लीगल एड क्लिनिक वाहन का शुभारंभ।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार

न्याय सारथी मोबाइल लीगल एड क्लिनिक वाहन का शुभारंभ

शिवपुरी, 23 अप्रैल 2026/ मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आज 23 अप्रैल को जिला न्यायालय शिवपुरी में न्याय सारथी मोबाइल लीगल एड क्लिनिक वाहन का शुभारंभ राजेंद्र प्रसाद सोनी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष श्री सोनी ने बताया कि “न्याय सारथी” मोबाइल लीगल एड क्लिनिक वाहन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत लोगों तक विधिक सहायता एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरलता से पहुंचाई जा सकेगी। यह पहल विशेष रूप से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय सुलभ कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि अब “न्याय आपके द्वार” की संकल्पना को साकार करते हुए आमजन को विधिक सलाह, मार्गदर्शन एवं सहायता उनके ही क्षेत्र में उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें न्याय प्राप्त करने हेतु अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस योजना के अंतर्गत नागरिकों को निशुल्क विधिक सहायता, जागरूकता एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही, किसी भी प्रकार की विधिक सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

यह मोबाइल लीगल एड क्लिनिक वाहन न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रभावी कदम सिद्ध होगा। इस अवसर पर श्री अशोक शर्मा विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटी, राजीव राव गौतम जिला न्यायाधीश, कौशलेंद्र सिंह भदौरिया जिला न्यायाधीश, प्राची शर्मा उपाध्यक्ष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, रंजना चतुर्वेदी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी सहित अन्य न्यायाधीश एवं न्यायालय के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने