Jitendra jain jila shivpuri
समाचार
मोबाइल कंपनी की एलएंडटी ने फोड़ा मड़ीखेड़ा की लाइन का पाइप, सप्लाई बंद
-ढाई लाख की आबादी के सामने गहराया जल संकट, पाइप लाइन जुड़ने तक बाधित रहेगी पानी की सप्लाई
-मौके पर पहुंचीं नपाध्यक्ष बोलीं, लापरवाही पूर्वक खुदाई के कारण फूटी लाइन
-नपा के अधिकारियों को दिए मामले में एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी।
मड़ीखेड़ा डेम के पास शुक्रवार को एक माेबाइल कंपनी की लाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना की पाइप लाइन फोड़ दी, जिससे शहर में मड़ीखेड़ा के पानी की सप्लाई बाधित हुई है। मौके पर पहुंचीं नपाध्यक्ष ने मामले में लापवाही के चलते नपा के जिम्मेदारों को मामले में एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार जीओ कंपनी की एलएंडटी शुक्रवार को नरवर रोड पर मड़ीखेड़ा डेम के पास नरवर रिसोर्ट के पास अपनी लाइन बिछाने का काम कर रही थी। इसी दौरान काम कर रही लेबर ने लापरवाही पूर्वक खुदाई करते हुए इस बात का ध्यान नहीं दिया कि यहां से मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना की पाइप लाइन बिछी हुई है। इसका परिणाम यह हुआ कि एलएंडटी की बकेट का दांत मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना की पाइल लाइन के डीआई पाइप में जाकर लगा। एलएंडटी की बकेट के दांत से पाइप फूटने के कारण वहां पर प्रेशर से पानी लीक होने लगा। मामले की सूचना जैसे ही नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा काे लगी तो वह मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले को समझा और नपा सीएमओ इशांक धाकड़ सहित कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी को मौके से ही इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने नपा के जिम्मेदार अधिकारियों को मामले में लापरवाहों एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए हैं। पाइप लाइन फूटने के कारण शहर की ढाई लाख की आबादी के सामने उस समय तक जल संकट गहरा गया है, जब तक कि लाइन सही नहीं हो जाती।
बाक्स
नपा से नहीं किया किसी भी प्रकार का संपर्क
बताया जा रहा है मोबाइल कंपनी के कर्ताधर्ताओं ने खुदाई करते समय नपा से संपर्क कर यह जानने का प्रयास नहीं किया कि उनकी पाइप लाइन कहां पर बिछी हुई है, उसकी गहराई कितनी है। इसके अलावा खुदाई शुरू करने से पहले पाइप लाइन की ड्राइंग आदि लेने का प्रयास भी नहीं किया। यही कारण रहा कि पाइप लाइन फूटा है। माना जा रहा है कि अगर कंपनी नपा से पाइप लाइन की स्थिति समझकर यदि खुदाई शुरू करती तो शायद यह पाइपलाइन नहीं फूटती।
बाक्स
एफअाईआर की बात आई तो पाइप बदलवाने हुए तैयार
नपाध्यक्ष ने जब इस लापरवाही पर नगर पालिका के अधिकारियों को मामले में सतनवाड़ा थाने जाकर एफआईआर दर्ज करवाने की बात कही तो मोबाइल कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों ने नपाध्यक्ष से लापरवाही के लिए माफी मांगते हुए, डीआई पाइप को बदलवाने का प्रस्ताव रखा है। प्रारंभिक रूप से इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है। नपाध्यक्ष ने नईदुनिया से बात करते हुए बताया कि अगर यह पाइप नहीं बदलवाया जाता है तो मामले में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
