सांपों के खौफ के बीच ‘साहस की ढाल’ बने सलमान पठान, गौ सेवा समिति ने किया सम्मान।

न्यूज़ चाचा का धमाका 

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार 

सांपों के खौफ के बीच ‘साहस की ढाल’ बने सलमान पठान, गौ सेवा समिति ने किया सम्मान।




दिनारा में घर में घुसे सांप को तत्काल पकड़कर लोगों को दिलाई राहत, समाजसेवियों ने सेवा भावना की जमकर सराहना की।

दिनारा। लोगों के घरों और सार्वजनिक स्थानों पर अचानक सांप निकल आने की घटनाओं के बीच कई बार लोगों में भय का माहौल बन जाता है। ऐसे समय में सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर लोगों को राहत पहुंचाने वाले सलमान पठान अपनी सेवा भावना के चलते क्षेत्र में लोगों के भरोसे का नाम बनते जा रहे हैं। इसी सेवा भावना को देखते हुए गौ सेवा समिति एवं समाजसेवियों द्वारा सलमान पठान का सम्मान किया गया।

जानकारी के अनुसार दिनारा के अशोक होटल क्षेत्र स्थित एक घर में अचानक सांप निकल आया। सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने समाजसेवियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद समाजसेवियों ने तत्काल सलमान पठान को फोन कर घर में सांप होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सलमान पठान बिना देरी किए मौके पर पहुंचे और सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली।

मुश्किल समय में तुरंत पहुंचने की सराहना

समाजसेवियों का कहना है कि क्षेत्र में जब भी किसी घर, दुकान या अन्य स्थान पर सांप दिखाई देता है, तो लोग भयभीत होकर सलमान पठान से संपर्क करते हैं। सूचना मिलने पर वह यथासंभव तत्काल मौके पर पहुंचकर सांप को पकड़ने का प्रयास करते हैं। उनकी इसी तत्परता से कई परिवारों को भय और परेशानी से राहत मिली है।

गौ सेवक कल्लू महाराज ने सलमान पठान की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि वह जोखिम उठाकर लोगों की मदद करते हैं। उनके अनुसार छोटे बच्चों, महिलाओं और परिवारों के बीच सांप निकलने की स्थिति में भय का माहौल बन जाता है, लेकिन सलमान पठान के मौके पर पहुंचने से लोगों को भरोसा मिलता है।

समाजसेवियों ने किया सम्मान

सलमान पठान की सेवा भावना को देखते हुए गौ सेवा समिति के सदस्यों और समाजसेवियों ने उनका मान-सम्मान किया। इस अवसर पर दीपक तिवारी, चंद्रशेखर गुप्ता, दीपक केवट और जितेंद्र लोधी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कल्लू महाराज ने कहा कि समाज में ऐसे लोगों की आवश्यकता है, जो बिना किसी स्वार्थ के संकट के समय दूसरों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि सलमान पठान ने सांप पकड़ने की कला और साहस के माध्यम से लोगों के बीच अलग पहचान बनाई है।

कई खतरनाक सांपों को सुरक्षित पकड़ने का अनुभव

समाजसेवियों के अनुसार सलमान पठान अब तक कोबरा, अजगर सहित विभिन्न प्रजातियों के सांपों को पकड़ने का काम कर चुके हैं। उनका उद्देश्य लोगों को सांप से होने वाले संभावित खतरे से बचाने के साथ-साथ सांपों को भी सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करना है।

कल्लू महाराज ने कहा कि सलमान पठान की सेवा भावना लोगों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने समाज में आपसी सहयोग और मानवता का संदेश देते हुए कहा कि जरूरत के समय एक-दूसरे की मदद करना ही सच्ची समाजसेवा है। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने सलमान पठान के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने