न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण; मरीजों को वितरित किया जाने वाला खाना खाकर परखी गुणवत्ता
एम्बुलेंस और सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश
शिवपुरी//कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित
वर्मा ने आज जिला चिकित्सालय शिवपुरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर ही सिविल सर्जन डॉ. आर. पी. सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खुद रोटी खाकर परखी भोजन की गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांचने स्वयं मरीजों के लिए बनी रोटी खाकर उसकी गुणवत्ता देखी। भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने सिविल सर्जन को कहा है कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन ही उपलब्ध कराया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
प्रसूति वार्ड का निरीक्षण, प्रसूताओं से जानी सुविधाएं
स्त्री एवं प्रसूति वार्ड के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की प्रत्यक्ष जानकारी ली। प्रसूताओं से अस्पताल में लड्डू मिलने की जानकारी ली तथा किसी भी प्रकार के पैसों की मांग किए जाने के संबंध में भी पूछताछ की, जिस पर प्रसूताओं ने पैसे मांगे जाने की बात से इनकार किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को समय पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित की जाएँ।
एम्बुलेंस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अस्पताल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस का जायजा लिया और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान जो एम्बुलेंस संचालित स्थिति में नहीं है उन्हें तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन को पूरी तरह सुदृढ़ किया जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को बिना किसी देरी के त्वरित स्वास्थ्य सेवा एवं एम्बुलेंस सुविधा मिल सके।
अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, शौचालयों की मरम्मत और सुरक्षा के लिए कैमरे लगाने के निर्देश
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पूरे अस्पताल परिसर में भ्रमण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल का वातावरण स्वच्छ होना पहली प्राथमिकता है, जिसके लिए परिसर में नियमित तौर पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान शौचालयों की स्थिति देखने पर कलेक्टर श्री वर्मा ने उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने और खराब या मरम्मत की आवश्यकता वाले शौचालयों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, अस्पताल परिसर को सुंदर व स्वच्छ बनाए रखने के लिए बाउंड्रीवॉल की पुताई कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को बेहतर बनाने के लिए परिसर में आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के भी निर्देश सिविल सर्जन को दिए गए।
