न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शिवपुरी। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा में हुई शराब से थोकबंद मौतों से भले ही शराबियों ने कोई सबक न लिया हो, परिवार की महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
जिसका असर मंगलवार को शिवपुरी जिले के नया अमोला में उस समय नजर आया।
जब आधा सैकड़ा से अधिक महिलाओं ने पहले शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की, और फिर उसमें आग लगा दी।
शराब ठेकेदार को लगभग 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होना बताया जा रहा है।
आज देर दोपहर नया अमोला की महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर एकजुट हुईं,
सबसे पहले कच्ची शराब बनाने वालों के ठिकाने पर पहुंचकर वहां तोड़फोड़ मचाई।
महिलाओं की यह टीम गांव में मौजूद अंग्रेजी/देशी शराब की दुकान पर पहुंची। शराब की दुकान पर मौजूद ठेकेदार के कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते,
महिलाओं ने दुकान में घुसकर शराब की बोतलों से लेकर पेटियों पर लाठी बरसा कर उन्हें तोड़ना शुरू कर दिया।
महिलाओं के अचानक हुए इस अटैक से डरे सहमे शराब दुकान के कर्मचारी अपनी जान बचाकर दुकान से बाहर की तरफ भागे।
महिलाओं ने बिना किसी विरोध के शराब दुकान के जमकर तोड़फोड़ की।
चूंकि शराब की बोतलों को तोड़े जाने से पूरी दुकान में शराब फैल गई,
महिला ने उसमें माचिस की जलती हुई तीली फेंक दी।
आग की चिंगारी देखते ही देखते भड़क गई तथा शराब की यह दुकान पल भर में ही आग का गोला बन गई।
सूचना मिलने पर
आबकारी विभाग की टीम के अलावा शराब ठेकेदार के लोग भी मौके पर पहुंचे, तथा
उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया,
लेकिन तब तक उसमें रखा शराब का जखीरा आग में जलकर धुआं बन चुका था।
शराबी परिजनों से महिलाओं का इतना प्रेम:
सागर के बंडा में शराब पीकर हुई थोकबंद मौतों के बाद सोशल मीडिया पर मृतकों के परिवार की महिलाओं के जो वीडियो/फोटो वायरल हुए, उसे देखकर नया अमोला की महिलाओं को अंदर तक झकझोर दिया।
शराब के आदी उनके परिजनों ने भले ही इस घटना से कोई सबक न लिया हो, लेकिन उनके परिवार की महिलाओं को यह डर सताने लगा कि हमारा परिजन भी कहीं ऐसी शराब पीकर दुनिया न छोड़ जाए।
दोपहर महिलाओं ने इकठ्ठा होकर शराब के उस ठिकाने को ही जला डाला, जहां से शराब मिलती थी।
