न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
सेवा संकल्प अभियानः पोहरी विकासखंड के विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन।
पूर्व राज्यमंत्री श्री धाकड़ ने कन्या विद्यालय में बच्चों का उत्साहवर्धन कर बांटे पुरस्कार।
शिवपुरी, 19 सितम्बर 2026/प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पोहरी विकासखंड के समस्त विद्यालयों में ब्लॉक स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिताएं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्री आकाश यादव के मार्गदर्शन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अवधेश सिंह तोमर के नेतृत्व में शनिवार दोपहर तक सफलतापूर्वक संपन्न हुईं, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सपनों का भारत’’ विषय पर उकेरीं आकर्षक आकृतियां
अभियान के तहत पोहरी स्थित शासकीय एकीकृत कन्या माध्यमिक विद्यालय में ब्लॉक स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने ‘‘सपनों का भारत’’ विषय पर अपनी कल्पनाओं को कैनवास पर उकेरा और भाषण के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।
पूर्व राज्यमंत्री और अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह।
कन्या विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री श्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष श्री आशुतोष जैमिनी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अवधेश सिंह तोमर, बीआरसीसी श्री शिवचरण लाल जाटव, संकुल प्राचार्य श्री भरत सिंह धाकड़ सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
भटनावर संकुल में हुआ निरीक्षण, उल्लास नवभारत अभियान की भी समीक्षा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत भटनावर संकुल केंद्र के शासकीय विद्यालयों में भी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जनशिक्षक श्री अमर सिंह कुशवाह, श्री पुरुषोत्तम अंगोलिया एवं ब्लॉक सह-समन्वयक श्री हीरालाल कोली ने प्राथमिक विद्यालय नारायणपुरा, शासकीय माध्यमिक विद्यालय एसवाया, शासकीय प्राथमिक विद्यालय एसवाया सहित विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर सवाल-जवाब किए और उनका मनोबल बढ़ाया। इसके साथ ही उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत अक्षर साथियों का पंजीयन एवं असाक्षरों का एनआईएलपी ऐप पर ऑनलाइन प्रविष्टि की कार्रवाई पूरी कराई गई।
