मां तुझे प्रणाम योजना‘ सीमा पर सैनिकों की दिनचर्या से रूबरू होंगे युवा, 21 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन*

न्यूज़ चाचा का धमाका 

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार

मां तुझे प्रणाम योजना‘ सीमा पर सैनिकों की दिनचर्या से रूबरू होंगे युवा, 21 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन।

*प्रत्येक विकासखंड से 5 युवक और 5 युवतियों का किया जाएगा चयन, 15 से 25 वर्ष की आयु के युवा पात्र।

शिवपुरी, 08 सितंबर 2026/ खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘‘मां तुझे प्रणाम‘‘ योजना के तहत जिले के युवाओं को भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सैनिकों की गतिविधियों और उनकी दिनचर्या से रूबरू कराने का अवसर दिया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, देशभक्ति और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। योजना में सम्मिलित होने के इच्छुक युवाओं से 21 सितंबर की शाम 4 बजे तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।

प्रत्येक विकासखंड से 10 युवाओं का होगा चयन।

जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी डॉ.के.के. खरे ने बताया कि योजना के अंतर्गत जिले के प्रत्येक विकासखंड से 10 युवाओं (05 युवक एवं 05 युवतियों) का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के तहत एन.सी.सी., एन.एस.एस., खिलाड़ी, मेधावी छात्र तथा स्काउट क्षेत्र से 01-01 युवक एवं 01-01 युवती का चयन किया जाएगा। योजना में शामिल होने वाले आवेदकों की आयु 15 से 25 वर्ष (31 दिसंबर 2027 की स्थिति में) के मध्य होना अनिवार्य है।

शैक्षणिक संस्थानों और खेल अधिकारियों से अपील।

जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी ने जिले के सभी स्कूलों व महाविद्यालयों के प्राचार्यों, एन.सी.सी., एन.एस.एस. एवं स्काउट गाइड के प्रभारियों तथा जिला क्रीड़ा अधिकारियों से अपील की है कि वे अध्ययनरत पात्र युवक-युवतियों को इस योजना में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन युवक-युवतियों ने पूर्व में इस योजना का लाभ प्राप्त कर लिया है, वे पुनः आवेदन न करें।

आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज और अर्हताएं।

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा में आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। इनमें संबंधित विकासखंड का मूल निवासी प्रमाण पत्र/आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या अंकसूची (जिसमें जन्म तिथि अंकित हो), अंतिम कक्षा या कॉलेज की अंकसूची, संबंधित गतिविधि (एन.सी.सी., एन.एस.एस., खेल, मेधावी या स्काउट) का प्रमाण पत्र तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति शामिल है। पात्र एवं इच्छुक युवा अपने पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों के साथ 21 सितंबर को शाम 04 बजे तक जिला खेल और युवा कल्याण कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने