न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
कम राशन और शक्कर नहीं मिलने से आदिवासी परिवारों ने किया चक्काजाम, प्रशासन के आश्वासन पर खुला रास्ता
शिवपुरी-जिले के खोड़ चौकी क्षेत्र में उचित मूल्य की राशन दुकान से कम खाद्यान्न मिलने और शक्कर नहीं दिए जाने से नाराज आदिवासी परिवारों ने शुक्रवार शाम उदयपुरा गांव में सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि राशन वितरण में लगातार मनमानी की जा रही है।
इससे पहले गुरुवार को करीब 80 ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा चुके थे,
लेकिन सुनवाई नहीं होने पर शुक्रवार को उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
ग्रामीणों के अनुसार बक्सनपुर, सिहमर्रा और उदयपुरा गांव की उचित मूल्य की राशन दुकान पर तैनात सेल्समैन शिवाजी राजा चौहान द्वारा राशन वितरण में मनमानी की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान खुलने के बाद से कार्डधारकों को तय कोटे से करीब 10 किलो गेहूं कम दिया जा रहा है। वहीं, शक्कर भी नहीं दी जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कम राशन दिए जाने का विरोध करने पर सेल्समैन और कथित रूप से उसका समर्थन करने वाले सरपंच द्वारा उनके साथ गाली-गलौज की जाती है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि उन्हें समय पर राशन नहीं दिया जाता और रात के अंधेरे में खाद्यान्न गायब किया जाता है। कुछ ग्रामीणों ने कांटे में कथित तौर पर चुंबक लगाए जाने से राशन में हेराफेरी किए जाने का आरोप भी लगाया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें धमकाया जाता है कि उनकी पहुंच मंत्रियों तक है और एक फोन पर उन्हें उठवा दिया जाएगा। इन आरोपों को लेकर करीब 80 ग्रामीण गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उनकी मांग थी कि राशन दुकान के सेल्समैन को तत्काल हटाया जाए और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
जब ग्रामीणों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो शुक्रवार शाम उन्होंने उदयपुरा गांव में सड़क पर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही खोड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही नायब तहसीलदार प्रतिभा पांडे भी मौके पर पहुंचीं। प्रशासन की ओर से फूड इंस्पेक्टर के साथ ग्रामीणों से चर्चा की गई और उन्हें पात्रता के अनुसार पूरा राशन दिलाने का आश्वासन दिया गया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीण सड़क से हटने को राजी हुए और चक्काजाम समाप्त हो गया।
