न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचारजल संचयन एवं पर्यावरण संरक्षण मे आमजन अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें- उपाध्यक्ष श्री नागर।
पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण समय की आवश्यकता।
उपाध्यक्ष श्री नागर का शिवपुरी जिले की नवांकुर एवं स्वैच्छिक संस्थाओं ने किया सम्मान।
जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन में जनभागीदारी बढ़ाने का किया आह्वान।
महाविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण किया गया
शिवपुरी, 26 जुलाई 2026/ मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला शिवपुरी द्वारा रविवार को शासकीय श्रीमंत माधव राव सिंधिया महाविद्यालय के विधि विभाग सभाकक्ष में जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं पद्मश्री से सम्मानित श्री मोहन नागर के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर म.प्र. जन अभियान परिषद् के कार्यपालक निदेशक डॉ.बकुल लाड एवं परिषद् के संभागीय समन्वयक सुशील बरूआ का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के आरम्भ में परिषद् की जिला समन्वयक डॉ.रीना शर्मा द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया एवं जिले का विस्तृत प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड ने कहा कि श्री मोहन नागर को पद्मश्री सम्मान मिलना पूरे परिषद परिवार के लिए गौरव का विषय है। कार्यपालक निदेशक श्री लाड ने शिवपुरी जिले में किए जा रहे कार्याे की सराहना करते हुए कहा कि जिले की पूरी टीम बधाई की पात्र है। आगामी समय में परिषद की परिकल्पना स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं संगठित होकर सामाजिक क्षेत्र में अपना योगदान दें एवं विकास की धारा से जुड़कर कार्य करें।
मुख्य अतिथि पद्मश्री श्री मोहन नागर ने कहा कि पानी रूठकर चला गया है उसे वापस बुलाने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे। जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा बावड़ियों सहित पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी से किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम के उपरांत एक पेड़ मां के नाम महाविद्यालय परिसर में पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम का संचालन नरवर विकास खण्ड समन्वयक महेश परिहार ने किया। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक, नवांकुर एवं प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के विद्यार्थी, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा परिषद के परामर्शदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विकास खण्ड समन्वयक शिवपुरी शिशुपाल सिंह जादौन ने आभार व्यक्त किया।
