न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
राज्य सेवा परीक्षा 2027 की निःशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन आमंत्रित, अंतिम तिथि 10 अगस्त।
पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को मिलेगी मुफ्त कोचिंग, छात्रावास और छात्रवृत्ति की भी सुविधा।
शिवपुरी, 31 जुलाई 2026/ मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2027 और अन्य समकक्ष प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र और इच्छुक युवाओं से निःशुल्क परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रशिक्षण सितंबर 2026 से शुरू होकर 6 माह तक चलेगा।
पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र में कुल 100 स्थान उपलब्ध हैं जिनमें से 80 स्थान पिछड़ा वर्ग के लिए और 20 स्थान अल्पसंख्यक वर्ग के लिए आरक्षित हैं। महिला और विकलांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा। उम्मीदवारों का चयन स्नातक स्तर पर प्राप्त अंकों के आधार पर संकायवार मेरिट बनाकर किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क है। भोपाल से बाहर के प्रशिक्षणार्थियों को नियमानुसार छात्रावास में रहने की सुविधा भी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान कक्षा में नियमित उपस्थित रहने वाले प्रशिक्षणार्थियों को 350 रुपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।आवेदन पत्र का प्रारूप विभाग की वेबसाइट www.bcwelfare.mp.gov.in पर उपलब्ध है। आवेदन डाक के जरिए या कार्यालय की ई-मेल आईडी dir.setc@mp.gov.in पर भेजे जा सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। जिले के पात्र युवाओं से अपील है कि इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और अंतिम तिथि से पहले आवेदन जरूर करें।