न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण एवं विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बंदियों को किया गया जागरूक।
शिवपुरी, 31 मई 2026/ सर्किल जेल शिवपुरी में प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का सामूहिक प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बंदियों, जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री द्वारा अपने संबोधन में गंगा डॉल्फिन के रेस्क्यू अभियान, तमिलनाडु की गिरजा अम्मा के प्रेरणादायी संकल्प तथा भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने नागरिकों से लू से बचाव एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए भारत विकास परिषद के सहयोग से सर्किल जेल शिवपुरी में निरुद्ध बंदियों के लिए 15 कूलर भेंट किए गए। इस पहल की जेल प्रशासन द्वारा सराहना की गई।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर चलाया गया जागरूकता अभियान*
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर बंदियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने बंदियों को नशामुक्त जीवन अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा कौशल विकास के माध्यम से बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बंदियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का त्याग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
जेल प्रशासन ने व्यक्त किया आभार।
कार्यक्रम के दौरान सर्किल जेल अधीक्षक श्री आर.सी. आर्य, उप जेल अधीक्षक श्री रामशिरोमणी पाण्डेय सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में जेल अधीक्षक द्वारा भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।
समाचार क्रमांक 240/2026

