न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
मुहर्रम ताजिया पर्व को लेकर करैरा थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित।
शिवपुरी, 23 जून 2026/ आगामी मुहर्रम ताजिया पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से करैरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, पत्रकारों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम श्री अनुपम शर्मा ने की। उन्होंने सभी नागरिकों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। साथ ही त्योहार के दौरान आने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई, शहर काजी यूनिस खान, नगर पंचायत अधिकारी गोपाल गुप्ता, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित नागरिकों एवं पत्रकारों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे, जिन पर प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
पुलिस एवं प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि त्योहार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। बैठक में सभी ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया।

