जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
गोवंश से भरा कंटेनर पकड़कर पुलिस ने बचाई दर्जनों गौमाताओं की जान, गौसेवकों ने किया सम्मान।
गोवंश से भरा कंटेनर पकड़कर पुलिस ने बचाई दर्जनों गौमाताओं की जान, गौसेवकों ने किया सम्मान।
दो गोवंश गंभीर रूप से घायल मिले, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी
करैरा/दिनारा। गौवंश संरक्षण की दिशा में पुलिस प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। थाना दिनारा क्षेत्र की थदरा चौकी पुलिस ने गौवंश से भरे एक कंटेनर को पकड़कर लगभग 28 से 30 गोवंशों को सुरक्षित बचाया। कंटेनर में ठूंस-ठूंसकर भरे गए गोवंशों में से दो गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए, जिन्हें तत्काल उपचार एवं देखरेख की व्यवस्था कराई गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए कंटेनर को रोककर कार्रवाई की। समय रहते की गई इस कार्रवाई से दर्जनों गौवंशों को नया जीवनदान मिला। स्थानीय गौसेवकों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया।
गौसेवक कल्लू महाराज ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन समय पर कार्रवाई नहीं करता तो इन बेजुबान गौवंशों का जीवन खतरे में पड़ सकता था। उन्होंने थाना प्रभारी दिनारा, थदरा चौकी प्रभारी एवं समस्त पुलिस स्टाफ का तहेदिल से स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में पुलिस ही समाज की सबसे बड़ी मददगार साबित होती है।
गौसेवकों ने पुलिस टीम का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि गोवंशों की रक्षा के लिए पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई प्रशंसनीय है और इससे गो-तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
क्षेत्र के गौभक्तों और ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, जिससे गौवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
जब भी समाज और बेजुबान पशुओं पर संकट आता है, पुलिस प्रशासन की तत्परता नई उम्मीद बनकर सामने आती है।
