श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों हेतु प्रदेशव्यापी विधिक साक्षरता शिविर आयोजित।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 


समाचार

श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों हेतु प्रदेशव्यापी विधिक साक्षरता शिविर आयोजित।

शिवपुरी, 13 जून 2026/ मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन में आज शनिवार को श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों हेतु प्रदेशव्यापी विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

उक्त शिविर का ऑनलाइन शुभारंभ कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति श्री विवेक रूसिया के कर कमलों द्वारा संपन्न किया गया। तत्पश्चात् मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा यूट्यूब माध्यम से उपस्थित श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों हेतु विशेष प्रशिक्षण/कार्यक्रम का प्रसारण किया गया, जिससे उन्हें विधिक जागरूकता एवं संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके अधिकारों संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में भी उपस्थित प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विशेष शिक्षकों, सांकेतिक भाषा विशेषज्ञों, शासकीय विभागों, अशासकीय संस्थाओं एवं अन्य संबंधित हितधारकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई।

शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय, शिवपुरी से नाक-कान-गला (ईएनटी) विशेषज्ञों एवं अन्य संबंधित चिकित्सकों की टीम द्वारा श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी द्वारा उपस्थित समस्त गणमान्य अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

उक्त शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला न्यायालय, शिवपुरी के समस्त न्यायाधीशगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यगण, कार्यालयीन कर्मचारीगण, उपस्थित प्रतिभागी तथा अधिकाधिक संख्या में संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने