आवास प्लस 2.0 सर्वे के अंतर्गत 51 हजार से अधिक आवेदनों के सत्यापन की कार्रवाई प्रारंभ। पात्र हितग्राहियों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी 

समाचार

आवास प्लस 2.0 सर्वे के अंतर्गत 51 हजार से अधिक आवेदनों के सत्यापन की कार्रवाई प्रारंभ।

पात्र हितग्राहियों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ।

शिवपुरी, 10 जून 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत संचालित आवास प्लस 2.0 सर्वे में जिले से 1 लाख 70 हजार से अधिक नवीन नाम जोड़े गए हैं। इनमें से 51 हजार 334 आवेदनों का पुनः पात्रता परीक्षण एवं सत्यापन कार्य जिले के सभी विकासखंडों में प्रारंभ कर दिया गया है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में पात्र हितग्राहियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन प्रक्रिया को गति दी गई है। शासन के निर्देशानुसार ब्लॉक स्तर पर नियुक्त अधिकारियों द्वारा सर्वे में दर्ज परिवारों की आवासीय स्थिति, निवास, पात्रता एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है, जिससे केवल वास्तविक एवं पात्र परिवारों को ही योजना का लाभ प्रदान किया जा सके।

जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार बदरवास, करैरा, खनियाधाना, कोलारस, नरवर, पिछोर, पोहरी एवं शिवपुरी विकासखंडों में सत्यापन कार्य प्रारंभ हो चुका है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सर्वे में नाम दर्ज होने मात्र से आवास स्वीकृत होना सुनिश्चित नहीं होता है। अंतिम पात्रता सूची शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं सत्यापन उपरांत तैयार की जाएगी।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा द्वारा 10 जून को आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आवास प्लस 2.0 सर्वे की सूची प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन पर चस्पा की जाए, ताकि आमजन को जानकारी उपलब्ध हो सके और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

जन-सूचना

आवास प्लस 2.0 सर्वे में जिन परिवारों का नाम दर्ज हुआ है, वे सत्यापन दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए प्रक्रिया में सहयोग करें। सही जानकारी उपलब्ध कराने से पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ समय पर प्रदान किया जा सकेगा।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने