न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शिवपुरी शहर में मड़ीखेड़ा और सतनवाड़ा की मोटरें खराब,
नहीं हुई पानी की सप्लाई ।
-नपा के जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान, ढाई लाख की आबादी के सामने गहराया जलसंकट
फोटो-मड़ीखेड़ा से पानी नहीं आने पर सर्किट हाउस के बोर से पानी भरते नपा के टैंकर
शहर की लाइफ लाइन मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना पाइप लाइन अब पूरी तरह से बदल कर डीआई पाइप लाइन हो चुकी है। ऐसे में इस साल शहर की आबादी को नेताओं ने आश्वासन दिया था कि, चाहे कुछ भी हो जाए इन गर्मियों में शहरवासियों को पानी के टैंकरों पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा। जल संकट की स्थिति और कट्टियों वाले शहर के रूप में इस साल शिवपुरी नहीं जाना जाएगा, लेकिन अभी तो गर्मियों शुरू भी नहीं हुई हैं, उससे पहले ही जल संकट के हालात विकराल रूप धारण कर चुके हैं। हालात यह हो गए है कि आए दिन किसी ने किसी क्षेत्र से जल संकट की समस्या उभरकर सामने आती रहती है। इसी बीच पिछले चार दिन से शहर में मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना की सप्लाई नहीं हुई है। शहर में पानी की एक बूंद मड़ीखेड़ा से नहीं आई है। परिणाम यह है कि शहर की ढाई लाख की आबादी के सामने जल संकट गहरा गया है। नपा से जुड़े विश्वसनीय सूत्रों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि मड़ीखेड़ा पर तीन मोटरों में से एक मोटर खराब पड़ी हुई है। वहीं सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट पर भी एक मोटर पूरी तरह खबरा है, तो दूसरी मोटर में काफी तेज आवाजें आ रही हैं। इस कारण शहर तक पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। सूत्रों के अनुसार नपा के जिम्मेदार अधिकारियों को पिछले चार दिन से कहा जा रहा है, लेकिन वह सुनकर भी अनसुना कर रहे हैं। इस कारण शहर में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पूरा शहर टैंकरों के भरोसे पानी की पूर्ति करने पर विवश हो गया है।
बाक्स
सतनवाड़ा तक तो पानी आ रहा, लेकिन शिवपुरी नहीं
तकनीकी स्टाफ की मानें तो पानी फेंकने के लिए दो मोटरों का चालू होना अनिवार्य है। मड़ीखेड़ा पर तीन में से एक खराब है, जबकि दो मोटरें चालू हैं, ऐसे में वहां से सतनवाड़ा तक तो पानी आ रहा है, लेकिन सतनवाड़ा पर तीन में से एक मोटर पूरी तरह से खराब है, एक मोटर के बैरिंग आदि खराब पड़े हैं, इस कारण यहां सिर्फ एक मोटर ही चालू हालत में है। इस वजह से एक मोटर से शिवपुरी तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
बाक्स
ये बोले पार्षद
-मेरे वार्ड में आज पानी की सप्लाई न हुए आज आठवां दिन है। मैं सीएमओ और एई चौहान से कह कह कर परेशान हो चुका हूं, परंतु समस्या के समाधान की दिशा में किसी का कोई ध्यान नहीं है। जनता परेशान है, न तो नलों से पानी पहुंच रहा है और न ही टैंकरों से पहुंच पा रहा है।
विजय शर्मा
पार्षद
-शहर में चार दिन से मड़ीखेड़ा की सप्लाई नहीं आई है। मैं सीएमओ को कई फोन लगा चुकी हूं, परंतु वह फोन ही अटेंड नहीं करते हैं। इंजीनियर कोई उचित जवाब नहीं दे रहे हैं। अगर यही हाल रहे तो वह दिन दूर नहीं जब जनता को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने पर विवश होना पड़ेगा।
शशि अशीष शर्मा
नेता प्रतिपक्ष, नपा
बाक्स
ये बोली जनता
-हमारा बोर पिछले कई दिन से खराब पड़ा हुआ है, मड़ीखेड़ा का पानी पिछले सप्ताह भर से आया नहीं है। एक सप्ताह में पानी के दो टैंकर डलवा चुके हैं।
योगेन्द्र शर्मा
शहरवासी
-इन दिनों फसलों की कटाई चल रही है, ऐसे में सुबह-सुबह मजदूरी पर जाना होता है। ऐसे में ही बोर खराब है, शहर में मड़ीखेड़ा का पानी नहीं आ रहा है, तो सुबह के समय पानी का प्रबंध कर पाना बहुत कठिन हो गया है।
रामवती
शहरवासी
बाक्स
ये बोले जिम्मेदार
-मोटर खराब हो गई हैं, इस कारण दो दिन से पानी की टंकियां नहीं भर पाई हैं। हम आज मोटर सही करवा रहे हैं। उम्मीद है सोमवार से शहर में मड़ीखेड़ा के पानी की सप्लाई हो जाएगी।
सचिन चौहान
एई, नगर पालिका
