Jitendra jain jila shivpuri समाचार
एसडीएम कोर्ट में चल रही थी शांति भंग की कार्रवाई!
देहात थानांतर्गत झांसी तिराहा क्षेत्र में निवासरत एक परिवार में पिछले तीन दिन से लगातार मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है।
सोमवार की दोपहर एक विधवा महिला पर अपने नाबालिग बेटे को उकसा कर घर में आग लगवाने का आरोप सामने आया है।
आग को दो फायर ब्रिगेड की मदद से बमुश्किल बुझाया गया।
पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे मुकेश पुत्र स्व पुरूषोत्तम झा के मकान में बने स्टोर रूप में आग लग गई।
आग को काबू करने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दो फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बड़ी मुश्किल से काबू किया गया।
मुकेश झा का कहना है कि यह आग उसके छोटे भाई स्व. अशोक झा की पत्नी बबीता और उसके नाबालिग बेटे ने लगाई है।
मुकेश झा यह उनका पुस्तैनी मकान है, जो उनके स्व पिताजी के नाम पर दर्ज है।
अशोक की पत्नी बबीता मकान के हिस्से बंटवारे करवाना चाहती है। इसी के चलते वह अपने नाबालिग बेटे को लगातार उकसा रही है। इसी क्रम में तीन दिन से वह लगातार झगड़ा कर रहे हैं। तीन दिन पहले दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मामला थाने तक पहुंचा तो दोनों पक्षाें की ओर से क्रास एफआईआर दर्ज कर ली गई।
पुलिस के अनुसार आज सुबह भी बबीता के बेटे ने झगड़ा किया तो उस पर पुलिस ने शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की।
एसडीएम कार्यालय में शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई चल रही थी, तभी दोपहर में बबीता व उसके बेटे ने मकान में आग लगा दी।
आग लगाकर वह कमरा बंद कर कहीं चले गए। कमरे में आग धधकती रही, करीब एक घंटे बाद जब कमरे की छत आग से गर्म हो गई तो कमरे के ऊपर बनी मुकेश झा की बाथरूम में नहा रही उनकी पत्नी को बाथरूम का फर्श गर्म होने का अहसास हुआ।
उन्होंने मुकेश को इस बारे में बताया, जिसके बाद पीछे की तरफ से कमरे का गेट खोलकर देखा तो कमरे में आग धधक रही थी।
फायर ब्रिगेड और पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कमरे में बिस्तर, कपड़े आदि सामान रखा हुआ था।
