शिवपुरी, 6 नवम्बर 2025/ कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के मार्गदर्शन एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के सहयोग से जिले में पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा फसल अवशेषों के समुचित उपयोग के लिए कृषकों को आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य नरवाई जलाने की प्रवृत्ति को रोकते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं मृदा उपजाऊपन में वृद्धि करना है।
पराली प्रबंधन अभियान के अंतर्गत कृषक सुरेन्द्र यादव, ग्राम ईश्वरी ने निजी कस्टम हायरिंग योजना के माध्यम से हैप्पी सीडर यंत्र का क्रय किया है। वर्ष 2025-2026 में कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल के माध्यम से जिले के 28 कृषकों को सुपर सीडर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अब तक जिले में कुल 51 सुपर सीडर किसानों को वितरित किए जा चुके हैं, जिनका उपयोग फसल अवशेष प्रबंधन में प्रभावी सिद्ध हो रहा है।
सहायक कृषि यंत्री ने बताया कि शासन की इस योजना के अंतर्गत पात्र कृषक अनुदान का लाभ उठाने हेतु https://farmer.mpdage.org पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। शासन का उद्देश्य अधिक से अधिक कृषकों को तकनीकी सहायता एवं आर्थिक प्रोत्साहन प्रदान कर पराली के वैज्ञानिक प्रबंधन को विकसित करना है। कृषकों से अनुरोध है कि वे नरवाई न जलाएं तथा आधुनिक यंत्रों के माध्यम से नरवाई का सदुपयोग कर सतत कृषि की दिशा में योगदान दें।