शिवपुरी, 5 नवम्बर 2025/ कृषि कार्यों में सहूलियत और किसानों तक समय पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज तहसीलदार बैराड द्वारा सुबह 5 बजे से 8 बजे तक यूरिया के टोकन वितरण की कार्यवाही संपन्न कराई गई। निर्धारित समयावधि में कुल 1100 टोकन, प्रत्येक टोकन के माध्यम से 2-2 बोरी खाद के वितरण हेतु दिए गए।
समय पालन और पारदर्शिता के साथ चल रहे इस वितरण के पश्चात लगभग सुबह 09:19 बजे ग्राम खटका निवासी ओमपाल बघेल अपने साथियों सहित तहसीलदार बैराड के निवास स्थान पर पहुंचकर अनुचित व्यवहार करने लगे। इसी दौरान ओमपाल बघेल बिना अनुमति के तहसीलदार के घर में प्रवेश कर गए, जब तहसीलदार बैराड कार्यालय प्रस्थान की तैयारी कर रहे थे एवं उनकी पत्नी भोजन बना रही थीं। स्थिति को भांपते हुए तहसीलदार बैराड ने प्रशासनिक मर्यादा और धैर्य का परिचय देते हुए ओमपाल बघेल को शांतिपूर्वक घर से बाहर जाने को कहा। विवाद के दौरान भी उन्होंने किसी प्रकार की प्रतिकूल प्रतिक्रिया न देते हुए संयम बनाए रखा तथा श्री बघेल को खाद का टोकन प्रदान किया। घटना के उपरांत ओमपाल बघेल ने अपने अनुचित व्यवहार पर खेद प्रकट किया और तहसीलदार बैराड से लिखित एवं मौखिक रूप से क्षमायाचना की। इस संबंध में श्री ओमपाल बघेल द्वारा थाना प्रभारी बैराड़ को आवेदन दिया गया तथा तहसीलदार बैराड द्वारा भी इस संबंध थाना प्रभारी बैराड़ को तथ्यात्मक शिकायती आवेदन दिया।
किसानों की सुविधा और खाद वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु जिले में 10 नवम्बर से ई-टोकन प्रणाली प्रारंभ की जा रही है। इस नई प्रक्रिया के अंतर्गत किसान 07492-181 नंबर पर कॉल कर पंजीयन करा सकेंगे तथा उन्हें एसएमएस के माध्यम से निर्धारित समय की सूचना प्राप्त होगी। इस व्यवस्था से अब किसानों को लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें उर्वरक समय पर एवं सुगमता से प्राप्त हो सकेगा। नई प्रणाली से वितरण की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित होगी, जिससे किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Tags:
Shivpuri