शिवपुरी, 12 नवम्बर 2025/ शासन के निर्देशानुसार आज शासकीय पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शिवपुरी के प्रांगण में “वन नेशन, वन इलेक्शन” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों के मध्य एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा पर जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक सुधारों पर संवाद स्थापित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में विधायक देवेन्द्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरवीर रघुवंशी, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम, युवा सलाहकार समिति भोपाल के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह तोमर सहित जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि यदि देश में एक राष्ट्र, एक चुनाव की व्यवस्था लागू होती है, तो चुनावी खर्चों में भारी कमी आएगी और शासन के संसाधन विकास कार्यों की ओर अधिक प्रभावी रूप से लगाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए इस प्रकार के विचार विमर्श आवश्यक हैं, जिससे देश के भविष्य की दिशा तय की जा सके।भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने कहा कि एक देश, एक चुनाव की नीति से प्रशासनिक दक्षता और देश की उन्नति को नई गति मिलेगी। यह राष्ट्र को एकजुट करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।युवा सलाहकार समिति के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि राष्ट्र के भविष्य निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। इस पहल से युवाओं में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना और अधिक प्रबल होगी। अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गायन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

