“इस पावन अवसर पर ‘चाचा के धमाका’ के परिवार की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं, ढेर सारी बधाई एवं उत्साहपूर्ण स्वागत-अभिनंदन।”
शिवपुरी। शहर में पहली बार बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) की श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन 23 नवंबर से 30 नवंबर तक मुख्यालय स्थित नर्सरी गार्डन, हवाई पट्टी के पीछे लुधावली परिसर में होगा। सात दिवसीय इस भागवत महाकथा को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं का महाकुंभ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन लगभग दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी के मद्देनज़र प्रशासन ने तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी और एसपी अमन सिंह राठौड़ ने लुधावली स्थित कथा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तय किया कि तीन प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे —
● पहला प्रवेश द्वार हवाई पट्टी के पहले हिस्से से होगा, जहां से पैदल आने वाले श्रद्धालु प्रवेश करेंगे।
●दूसरा द्वार पिछोर रोड की दिशा से आने वाले भक्तों के लिए रहेगा।
●तीसरा द्वार लुधावली के मुख्य गेट के सामने बनाया जाएगा, जो केवल बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री के लिए आरक्षित रहेगा।
कलेक्टर चौधरी जी ने बताया कि सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की सभी तैयारियां सुचारू रूप से की जा रही हैं। 3 नवंबर को कथा स्थल पर भूमिपूजन कार्यक्रम के साथ आयोजन की औपचारिक शुरुआत होगी। यह पूजन समाजसेवी रामप्रकाश कपिल गुप्ता परिवार द्वारा कराया जाएगा, जिसमें सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन संपन्न होगा।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि “एक-दो दिन में कथा स्थल और यातायात की अंतिम रूपरेखा (फाइनल चार्ट) जारी कर दी जाएगी।”
आयोजन समिति, प्रशासन और शहरवासी इस पावन कथा को लेकर उत्साहित हैं। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और भक्तों द्वारा “ढेर सारी बधाई एवं स्वागत अभिनंदन चाचा के धमाका द्वारा” शुभकामनाएं दी जा रही हैं, जिससे माहौल भक्तिमय और उत्सवमय बन गया है।
यह आयोजन न केवल शिवपुरी बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम बनने जा रहा है।