न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचारगौ माता सड़कों पर तड़प रही, भूमि माफिया मौज में दिनारा में गौशाला की मांग को लेकर गरजे गौ सेवक कल्लू महाराज।
दिनारा क्षेत्र में आवारा गौवंश की दयनीय स्थिति और सरकारी जमीनों पर कथित कब्जों को लेकर गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी गौ सेवक कल्लू महाराज ने शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने शिवपुरी कलेक्टर, मध्यप्रदेश सरकार, केंद्र सरकार एवं करैरा विधायक से मांग की है कि सरकारी जमीनों को भूमाफियाओं से मुक्त कराकर तत्काल गौशाला निर्माण कराया जाए, ताकि सड़कों पर भटक रही गौ माताओं को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
कल्लू महाराज ने कहा कि दिनारा क्षेत्र सहित आसपास की कई सरकारी जमीनों पर दबंगों और भूमाफियाओं का कब्जा है, जबकि दूसरी ओर गौ माता भूख-प्यास से तड़प रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रतिदिन गौवंश दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है। कई गौ माताएं और उनके मासूम बछड़े सड़क हादसों में जान गंवा चुके हैं, लेकिन शासन-प्रशासन अब तक गंभीर नहीं दिख रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय गौ माता को लेकर बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही गौ सेवा और गौशाला निर्माण के मुद्दे ठंडे बस्ते में डाल दिए जाते हैं। कल्लू महाराज ने कहा कि “जब सभी लोग गौ माता को माता मानते हैं तो फिर उनकी सुरक्षा और भोजन की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? आखिर क्यों गौ माता पॉलिथीन और कचरा खाने को मजबूर हैं?
गौ सेवक कल्लू महाराज ने विशेष रूप से दिनारा स्थित अशोक होटल के पास अमर कॉलोनी से लगी लगभग चार बीघा सरकारी जमीन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस पर कथित दबंगों का कब्जा है। उन्होंने मांग की कि उक्त जमीन को तत्काल मुक्त कराकर वहां गौशाला बनाई जाए, ताकि क्षेत्र की गौ माताओं को सुरक्षित स्थान मिल सके।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में गौवंश के लिए न तो पानी की व्यवस्था है और न ही चारे की। खुले बाजारों में फेंकी गई पॉलिथीन और हानिकारक वस्तुएं खाकर गौ माताएं बीमार हो रही हैं और उनकी मौत हो रही है। यह केवल धार्मिक नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय है।
कल्लू महाराज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कर गौशाला निर्माण शुरू नहीं किया गया तो वह गौ सेवकों के साथ आंदोलन और अनशन करेंगे। उन्होंने कहा कि “यदि गौ माता की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए हमें अपनी जान भी देनी पड़े तो पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने समाज से भी अपील की कि गौ माता को केवल पूजा का विषय न बनाएं, बल्कि उनके संरक्षण के लिए आगे आएं। साथ ही शासन-प्रशासन से मांग की कि भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर सरकारी जमीनें मुक्त कराई जाएं और दिनारा क्षेत्र में स्थायी गौशाला बनाकर गौवंश को सुरक्षा प्रदान की जाए।
गौ सेवक कल्लू महाराज की इस मांग के बाद क्षेत्र में गौशाला निर्माण और सरकारी जमीनों पर कब्जे का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब लोगों की नजर प्रशासन पर टिकी है कि वह गौ माता की सुरक्षा और भूमाफियाओं पर कार्रवाई को लेकर क्या कदम उठाता है।
