गुप्तेश्वर महाराज से निकली पावन कांवड़ यात्रा, गंगा जल से हुआ भोलेनाथ का अभिषेक, भक्ति और आस्था से गूंजा दिनारा क्षेत्र!

 News Chacha ka dhamaka shivpuri 

गुप्तेश्वर महाराज से निकली पावन कांवड़ यात्रा, गंगा जल से हुआ भोलेनाथ का अभिषेक, भक्ति और आस्था से गूंजा दिनारा क्षेत्र!

दिनारा क्षेत्र स्थित प्राचीन और प्रसिद्ध श्री गुप्तेश्वर महाराज मंदिर से पवित्र कांवड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ।

 हजारों वर्ष पुराने ऐतिहासिक तालाब से गंगा मैया का पवित्र जल भरकर भक्तों ने पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ अशोक होटल स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान शंकर का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। 

धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु, भक्तगण और गौ सेवक उत्साहपूर्वक शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण *“हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा*।

गौ सेवक कल्लू महाराज ने बताया कि दिनारा का यह प्राचीन तालाब केवल एक जल स्रोत नहीं, बल्कि आस्था का समुद्र है।




 पवित्र जल में हजारों नदियों का संगम है और यह जल अमृत के समान है।

 उन्होंने श्रद्धा भाव से कहा कि जो भी भक्त इस जल को श्रद्धा से ग्रहण करता है, उसका जीवन धन्य हो जाता है। इसी आस्था और विश्वास के साथ भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट भक्ति व्यक्त करते हुए कांवड़ यात्रा का आयोजन किया।

प्रातः 4 बजे से ही श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्रित होने लगे थे। पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने पवित्र तालाब से गंगा जल भरकर कांवड़ यात्रा प्रारंभ की। भक्तजन डीजे और भजनों की धुन पर नाचते-गाते, भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में भक्ति का अद्भुत और दिव्य वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ अशोक होटल स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और देश, समाज तथा समस्त जीव-जंतुओं के कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने भक्ति गीतों के माध्यम से भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। गौ सेवक कल्लू महाराज ने कहा कि धर्म का मुख्य उद्देश्य संपूर्ण विश्व में सुख, शांति और समृद्धि स्थापित करना है। उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की कि सभी किसान सुखी रहें, उनकी फसल सुरक्षित रहे, गौ माता और सभी जीव-जंतु सुरक्षित रहें तथा पूरे देश में शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने यह भी कामना की कि गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए, जिससे उनकी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि भगवान की सच्ची भक्ति करने से सभी दुख दूर हो जाते हैं और जीवन में सुख, शांति और शक्ति का संचार होता है। भगवान शिव अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करते हैं।

इस पावन कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजन में दीपक तिवारी, संकेत यादव, ललित योगी, संजू ठाकुर, दीपक लोधी, सुरेश पाल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक चेतना और आस्था का अद्भुत संदेश दिया। यह आयोजन न केवल भक्ति का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने