न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
पोहरी में आयोजित युवा संगम में 333 से अधिक युवाओं का हुआ प्रारंभिक चयन।
रोजगार मेले में 8 निजी कंपनियों ने लिया हिस्सा, 272 युवाओं को मौके पर दिए ऑफर लेटर
विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत 1157 हितग्राहियों
को मिली ₹19.11 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता
शिवपुरी, 20 अगस्त 2026/ मध्यप्रदेश सरकार के निर्देशानुसार युवाओं को एक ही छत के नीचे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 20 अगस्त को एलएसजीके महाविद्यालय परिसर, पोहरी में जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया।
333 युवाओं का प्रारंभिक चयन, 272 को मिले ऑफर लेटर*
जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.एस.मीना ने बताया कि इस मेले में निजी क्षेत्र की 8 प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 344 से अधिक युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया। इसमें से 333 युवाओं का कंपनियों द्वारा प्रारंभिक चयन किया गया और 272 युवाओं को मौके पर ही अतिथियों द्वारा जॉइनिंग/ऑफर लेटर सौंपे गए।
स्वरोजगार के लिए ₹19.11 करोड़ की सहायता राशि का वितरण*
कार्यक्रम के दौरान बताया कि इस माह जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर योजना, मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग स्वरोजगार योजना और ग्रामीण आजीविका मिशन के 1157 स्वरोजगारियों को ₹19 करोड़ 11 लाख से अधिक का हितलाभ वितरित किया गया है।
युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर और मार्गदर्शन
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 46 युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बैंक अधिकारियों ने 20 युवाओं को वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी।
अतिथियों ने दी शुभकामनाएँ
मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य श्री पवन कुमार श्रीवास्तव ने पोहरी में इस सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए सभी छात्र-छात्राओं से शासन की स्वरोजगार व कौशल विकास योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पोहरी आईटीआई प्राचार्य श्री हेतराम आर्य, उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक श्री विवेक कौशल, लीड बैंक से श्री सुनील जोशी, आजीविका मिशन के ब्लॉक प्रबंधक श्री राजेंद्र सिंह गुर्जर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
