न्यूज चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
ज्ञान भारतम मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय समिति का गठन।
शिवपुरी, 29 अप्रैल 2026/ मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति एवं धार्मिक न्यास तथा धर्मस्व विभाग के निर्देशानुसार जिले में ज्ञान भारतम मिशन के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह मिशन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित एक विशेष अभियान है, जिसके अंतर्गत प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, दस्तावेजीकरण, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण किया जाएगा। जिले में उपलब्ध पांडुलिपियों की जानकारी ज्ञान भारतम एप पर अपलोड कराने हेतु संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
जिले में मिशन के प्रभावी संचालन के लिए गठित समिति में कलेक्टर, जिला शिवपुरी को अध्यक्ष बनाया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत शिवपुरी को सदस्य सचिव एवं नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को समन्वयक, नोडल अधिकारी डीएटीसीसी, प्राचार्य शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीएम ऑफ एक्सीलेंस), जिला प्रभारी/प्रतिनिधि पुरातत्व विभाग तथा प्रबंधक ई-गवर्नेंस को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपसंचालक पुरातत्व अभिलेखागार निलेश लोखंडे एवं संस्कृत विभाग, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र यादव सहित अन्य संबंधित संस्थाओं से समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही अनेकांत ज्ञान मंदिर, बीना एवं सिंधिया ओरिएंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट, उज्जैन से भी आवश्यक सहयोग लिया जाएगा। इस संबंध में जिला पंचायत शिवपुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज को जिले का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए मिशन के समन्वय एवं संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।