एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक चला विशेष अतिक्रमण एवं स्वच्छता अभियान, चालानी एवं जब्ती की कार्रवाई।

न्यूज़ चाचा का धमाका

जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी

समाचार 

एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक चला विशेष अतिक्रमण एवं स्वच्छता अभियान, चालानी एवं जब्ती की कार्रवाई।

सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी फैलाने एवं बिना डस्टबिन



संचालित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का अभियान जारी।

शिवपुरी, 09 जून 2026। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी तथा प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री आनंद सिंह राजावत के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक विशेष अतिक्रमण हटाओ एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया।*

अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमणों का निरीक्षण कर उन्हें हटवाया गया। कई दुकानदारों एवं ठेला संचालकों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से सामान रखकर मार्ग को बाधित किया जा रहा था, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। नगर पालिका अमले द्वारा ऐसे अतिक्रमणों को हटाकर संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

कार्रवाई के दौरान स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने, सड़क एवं नालियों में कचरा फेंकने, प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन नहीं रखने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का उपयोग करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। विभिन्न प्रकरणों में 100 रुपये, 200 रुपये, 500 रुपये एवं 1000 रुपये के चालान काटे गए। वहीं अतिक्रमण में प्रयुक्त सामग्री, गुमटियां एवं अन्य सामान को नगर पालिका द्वारा जब्त कर अपने कब्जे में लिया गया।*

अभियान में यातायात प्रभारी श्री रणवीर यादव, यातायात पुलिस, कोतवाली पुलिस एवं नगर पालिका का अमला उपस्थित रहा। संयुक्त कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए अतिक्रमण हटाने एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान निरंतर जारी रहेगा। आगामी दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी एवं जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं एसडीएम शिवपुरी श्री आनंद सिंह राजावत ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शिवपुरी हमारा अपना शहर है। इसकी स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक, व्यापारी एवं प्रतिष्ठान संचालक नगर पालिका के नियमों का पालन करें, अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखें, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने से बचें। जनसहयोग से ही शिवपुरी को एक स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाया जा सकता है।

जारीकर्ता :सागरशर्माpro

जनसंपर्क शाखा

नगर पालिका परिषद शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने