न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
राहवीर योजना के तहत मानवता का सम्मान।
दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले दुर्गेश कुशवाह को मिला 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन।
शिवपुरी, 09 जून 2026/ सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने एवं आमजन को मानवीय सहायता के लिए प्रोत्साहित करने हेतु संचालित राहवीर योजना प्रभावी रूप से कार्य कर रही है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज ऐसे ही एक राहवीर को सम्मानित किया। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्री दुर्गेश कुशवाह को उन्होंने प्रमाण पत्र प्रदान किया और दुर्गेश का उत्साहवर्धन किया। इस योजना के तहत दुर्गेश को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि राहवीर योजना समाज में संवेदनशीलता और मानवता की भावना को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना जीवन रक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे जागरूक नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उल्लेखनीय है कि गुड सेमेरिटन स्कीम (राहवीर योजना) के अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को दुर्घटना के पश्चात पहले एक घंटे अर्थात गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाने में सहयोग करता है, तो उसे शासन द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
योजना के तहत गंभीर दुर्घटनाओं के ऐसे मामलों को शामिल किया गया है, जिनमें पीड़ित को बड़ी सर्जरी की आवश्यकता हो, कम से कम तीन दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़े, मस्तिष्क अथवा रीढ़ की गंभीर चोट हो या उपचार के दौरान मृत्यु हो जाए। ऐसे मामलों में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिकों को शासन द्वारा सम्मानित किया जाता है।
शासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले सहायता करने वाले व्यक्ति को किसी प्रकार की अनावश्यक कानूनी प्रक्रिया अथवा पूछताछ से परेशान न किया जाए। इससे आमजन में दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हो रहा है।
